![]() |
मेष राशिफल मासिक राशिफल अप्रैल 2021 |
आपकी राशी के लिए यह माह बहुत संभलकर चलने का समय रहेगा। विशेषकर अपने क्रोध और वाणी पर पूरा नियंत्रण रखते हुए चलना है। इसका कारण यह है कि आपकी राशि से दूसरे भाव में मंगल-राहू का संयुक्त होना अंगारक योग बना रहा है जो वाद-विवाद पैदा कर सकता है। परिवार और कार्य स्थल पर किसी व्यक्ति से विवाद हो सकता है। हालांकि बृहस्पति का गोचर शुभ भाव एकादश में होने का लाभ आपको प्राप्त होगा और एक संयमित, आध्यात्मिक, सदाचारी जीवन जीने में सहायता करेगा। करियर की बात करें तो अप्रैल 2021 माह महत्वपूर्ण है। 5 अप्रैल तक बृहस्पति दशम भाव में रहेंगे उसके बाद एकादश में प्रवेश करेंगे। इसलिए माह के प्रारंभिक पांच दिनों में शनि के साथ बृहस्पति का दशम में होना आपके कार्यक्षेत्र को मजबूती देगा किंतु बृहस्पति के एकादश में प्रवेश करने के बाद इस स्थिति में और प्रबलता आएगी। उच्चाधिकारियों के साथ संबंध मजबूत होंगे जिसका लाभ आपको नौकरी में पदोन्नति के रूप में मिल सकता है। बात यदि व्यापारियों की करें तो माह के प्रारंभ में थोड़ी परेशानी आ सकती है लेकिन 10 अप्रैल के बाद स्थिति में सुधार आएगा और व्यापार को गति मिलेगी। नया कार्य व्यवसाय प्राप्त होगा। आर्थिक स्थिति की बात करें तो द्वादश में तीन ग्रहों सूर्य, बुध, शुक्र की उपस्थिति खर्च बढ़ाएगी। यदि आपने पहले से बचत करके रखी है तो अधिक परेशानी नहीं आएगी। 16 अप्रैल से ग्रहों के राशि परिवर्तन से स्थिति में सुधार आएगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से माह थोड़ा सा उतार-चढ़ाव वाला रह सकता है। मस्तिष्क, पेट और पैरों से संबंधित रोग परेशान करेंगे। संक्रमण, दांतों और नेत्र पीड़ा होने की आशंका है। माता-पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। पारिवारिक और सामाजिक दृष्टि से माह संतुलित रहकर चलने का है। प्रारंभिक दिनों में लड़ाई झगड़े हो सकते हैं लेकिन बाद में स्थिति संभलेगी। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। |