क्रोएशिया जहां बसता है इतिहास और देखने को मिलती है कई सारी सांस्कृतिक धरोहर

चारों ओर समुद्र से घिरे क्रोएशिया में देखने के लिए कई सारी चीज़ें मौजूद हैं। इमारतें और खूबसूरत बीच के अलावा यहां का सी फूड भी दुनियाभर में मशहूर है।

फीफा वर्ल्ड कप में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर करीब 42 लाख की आबादी वाला देश क्रोएशिया पूरे विश्व में चर्चा का विषय बन गया। यह बात और है कि अलग है, कई लोगों ने इस देश के बारे में पहली बार सुना होगा, लेकिन पर्यटन के शौकीनों के बीच यह देश काफी लोकप्रिय रहा है। यहां पर कई वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स मौजूद हैं। यहां के ऐतिहासिक शहर पर्यटकों को खूब भाते हैं। क्रोएशिया की राजधानी जाग्रेब में ऐतिहासिक धरोहरों के साथ शानदार म्यूजियम, आर्ट गैलरी और रेस्टोरेंट मिल जाएंगे। पूरा शहर समूद्र से घिरा है। यहां पत्थरों से बनी बिल्डिंगें और खूबसूरत बीच पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।
डुब्रोवनिक ओल्ड टाउन वॉल्स
यह क्रोएशिया का सबसे लोकप्रिय डेस्टिनेशन है। खासकर इस पुराने शहर का मध्य हिस्सा पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है। यहां मध्यकाल की सुरक्षा दीवारें हैं, जिसे यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड हेरिटेज साइट घोषित किया गया है। यह काफी शांत शहर है, जो पर्यटक सुकून की चाह में विदेश यात्रा का प्लान बना रहे हैं, उनके लिए ये बेस्ट है।
स्प्लिट का डायोक्लेटियन प्लेस
जाग्रेब के बाद स्प्लिट क्रोएशिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। यहां पर आपको ऐतिहासिक महलों के अलावा, कुछ पुराने खंडहर भी दिखाई देंगे। एड्रियाटिक सागर के नजदीक ही 305 ईस्वी में रोमन सम्राट डायोक्लेटियन ने इस महल को बनवाया था। स्क्वायर शेप वाला यह अद्भुत महल है। यहां खंभों की अद्भुत श्रेणियों के अलावा, सेंट डोमिनियस चर्च के साथ एक शानदार बेल-टावर भी है। पुराने शहर को यूनेस्को द्वारा विश्र्व धरोहर स्थल घोषित किया गया है। यहां आप केवल पैदल ही जा सकते हैं।
हवर टाउन
हवर क्रोएशिया का फैशनेबल शहर है। ज्यादातर पर्यटक यहां डालमेटियन आइलैंड को देखने के लिए आते हैं। इस शहर में आपको शानदार होटल्स और रेस्टोरेंट्स मिलेंगे। साथ ही, यहां आप बेहतरीन सीफूड का भी लुत्फ उठा सकते हैं। दरअसल, यह शहर लंबे समय तक वेनेटियन शासन (1420-1797) के अधीन था। इसलिए इसकी झलक अब भी यहां दिखाई देती है। हवर टाउन सेलिब्रेटिज और बड़े-बड़े जहाजों के लिए लोकप्रिय है। यहां के बीच बेहद खूबसूरत हैं। जहां आप वाटर स्पोर्ट्स का लुत्फ भी उठा सकते हैं।
प्लिटविस नेशनल पार्क
क्रोएशिया जा रहे तो इस पार्क की सैर जरूर करनी चाहिए, क्योंकि यह दूसरे नेशनल पार्क से थोड़ा हट के है। पहाड़ की ऊंचाई पर स्थित इस पार्क की खासियत है कि यहां 16 झीलों का एक नेटवर्क है, इनसे गिरे वाला पानी विशाल झरने का रूप ले लेता है। झरने को नजदीक से अनुभव करने के लिए लकड़ी के पुल बने हैं। झील में बोटिंग का लुत्फ भी उठा सकते हैं।
जाग्रेब की गोर्नजी ग्रैड
कोएशिया की राजधानी जाग्रेब साइटसीइंग के लिए बेहतरीन जगह है। यहां का मुख्य पर्यटन क्षेत्र मध्यकालीन गोर्नजी ग्रैड (अपर टाउन) है। शहर का सेंट मार्क चर्च और क्रोएशियाई संसद गोर्नजी ग्रैड साथ में स्थित है। सेंट मार्क चर्च अपने रंगीन टाइल वाली छत के लिए मशहूर है। यहां 13वीं शताब्दी का टॉवर ऑफ लोट्रस्काक है, जिसकी छत पर चढ़कर आप शहर के शानदार दृश्यों का नजारा ले सकते हैं। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि यहां एक 'म्यूजियम ऑफ ब्रोकेन रिलेशनशिप' है, जिसे देखने बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।
कोर्नती नेशनल पार्क
कोर्नती नेशनल पार्क के आसपास का पूरा क्षेत्र बेहद खूबसूरत है। यह पूरा क्षेत्र 35 किलोमीटर लंबा और 13 किलोमीटर चौड़ा है। इस समुद्री क्षेत्र में 80 से अधिक छोटे-बड़े टापू हैं। शुरुआत में यहां मछुआरों और स्थानीय लोगों द्वारा पत्थरों के शेल्टर्स तैयार किए गए थे, जिन्हें अब कॉटेज के रूप में तब्दील कर दिया गया है। इनका उपयोग अब हॉलीडे रूम्स और रेस्टोरेंट के रूप में होने लगा है। यहां कमाल के सीफूड मिलते हैं।
जब पहली बार जाएं क्रोएशिया
यदि आप पहली बार क्रोएशिया जा रहे हैं, तो कोशिश करें कि कहीं मुख्य शहर के केंद्र में ही रहें। उत्तर-पश्चिम में उम्ग दक्षिण-पूर्व में डुब्रोवनिक तक का लगभग 700 किलोमीटर का क्षेत्र एक हफ्ते में कवर कर सकते हैं।
रोड ट्रिप होगा बेहतर
यदि आप क्रोएशिया में सड़क से ही सफर करें, तो ज्यादा बेहतर है। सड़कें अच्छी हैं और आप आराम से पूरा देश घूम सकते हैं।
स्थानीय फूड का लें मजा
आप कोशिश करें कि वहां के लोकल खाने का मजा लें। वैसे, तो आपको रेस्टोरेंट्स में पास्ता, पिज्जा, रिसोटो, ग्रिल्ड मीट और फिश प्लेट भी मिल जाएंगे, लेकिन कोशिश करें कि किसी लोकल रेस्टोरेंट पर कम से कम एक दिन भी जरूर जाएं।
भाग दौड़ में न करें समय नष्ट
यदि आप चाहें तो क्रोएशिया में ज्यादा से ज्यादा आईलैंड को देख लें, तो थोड़ा मुश्किल हो सकता है। हालांकि द्वीप एक दूसरे से काफी दूरी पर नहीं हैं, लेकिन परिवहन की समस्या हो सकती है। इसलिए कोशिश करें कि जहां जाएं वहां आराम से घुमने का लुत्फ उठाएं।
बस का सफर है बेस्ट
यूरोप के दूसरे शहरों की अपेक्षा क्रोएशिया का ट्रेन नेटवर्क काफी कमजोर है। ऐसे में कोशिश यही करें कि जितना हो सके बस से सफर करें। वहीं आपको यह भी बता दें कि यहां टैक्सी से सफर करना आपको काफी महंगा पड़ेगा।
क्रोएशियन भाषा की जरूरत नहीं
यहां क्रोएशियन भाषा बोली जाती है, इसे समझना बेहद ही मुश्किल है। अच्छी बात यह कही जा सकती है कि लगभग लोग थोड़ी बहुत इंग्लिश बोल लेते हैं ऐसे में आपको ज्यादा तकलीफ नहीं होगी।
क्रोएशियन करेंसी कुना
यह देश यूरोपीय यूनियन का सदस्य है, लेकिन यूरो जोन का मेंबर न होने से यहां यूरो नहीं चलता। आपको लोकल करेंसी लेकर चलना होगा।