प्राकृतिक दृश्यों और पैराग्लाइडिंग के रोमांच से भरपूर है कामशेत हिल स्टेशन

शानदार प्राकृतिक दृश्यों से भरपूर कामशेत हिल स्टेशन पैराग्लाइडिंग रोमांच पसंद करने वालों के लिये परफेक्ट डेस्टिनेशन है। मुंबई और पुणे जैसे व्यस्त शहरों से कामशेत की कम दूरी इसे प्रकृति प्रेमियों और पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक खेल पसंद करने वालों के लिये बेहतरीन हॉलीडे डेस्टिनेशन बनाती है।
महाराष्ट्र के पश्चिमी घाट में स्थित कामशेत एक खूबसूरत हिल स्टेशन। प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर ये जगह समुद्र तल से लगभग 2200 फीट की ऊंचाई पर है। यहां कि हरी-भरी वादियां, मन को मोह लेने वाली शांत झीलें इस जगह को यादगार पल बिताने लायक बेहतरीन हॉलिडे डेस्टिनेशन बनाती हैं।
कामशेत मुंबई से लगभग 118 किमी दूर पश्चिमी घाट में बसा हुआ है। कोंकण क्षेत्र और पुणे के बीच प्राचीन व्यापार मार्ग पर बसा कामशेत पुणे से लगभग 56 किमी दूर है। यहां मुंबई और पुणे दोनों ही जगहों से सड़क और रेल के जरिये आसानी से पहुँचा जा सकता है। कामशेत के लिये दोनों शहरों से कम दूरी यहां के लोगों से लिये वीकेंड में हॉलीडे मनाने का एक बेहतरीन ऑप्शन पेश करता है।
पैराग्लाइडिंग के लिए है मशहूर
वैसे तो कामशेत में घूमने के लिये कई जगहे हैं लेकिन पिछले कुछ सालों में यह पैराग्लाइडिंग के लिए मशहूर हो गया है। साहसिक खेल पसंद करने वाले लोग यहां पैराग्लाइडिंग कर एक यादगार अनुभव हासिल कर सकते हैं। पैराग्लाइडिंग के दौरान आप यहां पहाड़ी शहर के खूबसूरत नजारों का मजा ले सकते हैं।

पहाड़ी शहर के खूबसूरत नज़ारे, ठंडी-ताज़ी हवा, लहलहाते सूरजमुखी और धान के खेत इस जगह को पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक खेलों का आनंद लेने के लिए एक आदर्श स्थान बनाते हैं। कामशेत में पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध हैं। पैराग्लाइडिंग के लिए यहां सबसे अनुकूल समय अक्टूबर से लेकर मई के महीनों में होता।

देख सकते हैं बेडसा गुफाएँ, पवना झील और भैरी गुफाएँ
इसके अलावा कामशेत में घूमने लायक कुछ जगहों में बेडसा गुफाएँ, पवना झील, भैरी गुफाएँ, कोंडेश्वर मंदिर और शिंदे वाडी पहाड़ियाँ शामिल हैं। टूरिस्ट यहां भेड़सा गुफाओं जैसी प्राचीन गुफाओं को देख सकते हैं। ये गुफायें काफी पुरानी हैं जिनका अपना एक ऐतिहासिक महत्व है।

टूरिस्ट यहां के स्थानीय बाज़ारों में खरीदारी कर सकते हैं और तिकोना किले तक ट्रेक कर सकते हैं। कामशेत और उसके आस-पास की पहाड़ियाँ प्राचीन गुफा मंदिरों और मध्ययुगीन किलों से भरी हुई हैं जहां विजिट करके टूरिस्ट एक अलग अनुभव हासिल कर सकते हैं।
कामशेत का तापमान : यहां दिन के दौरान औसतन 31 डिग्री सेल्सियस और रात में 22 डिग्री सेल्सियस रहता है, जो इसे घूमने के लिए एक सुखद स्थान बनाता है।
कैसे पहुंचें: कामशेत पहुंचने के लिए, पर्यटक पुणे अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (50 किमी) तक उड़ान भर सकते हैं या कामशेत रेलवे स्टेशन तक ट्रेन ले सकते हैं।